हरदोई
जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। पिहानी इलाके के अलावलपुर गांव में मंगलवार तड़के करीब 3 बजे उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नदी का खूंखार शिकारी यानी एक विशालकाय मगरमच्छ सीधे ग्राम प्रधान के घर में जा घुसा।
रात के सन्नाटे में आहट पाकर जब परिजनों की नींद खुली और सामने मगरमच्छ को देखा, तो उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। मौके पर पहुंचे डिप्टी रेंजर सुशील कुमार के नेतृत्व में वनकर्मियों की टीम ने काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। रेस्क्यू के बाद मगरमच्छ को पास ही बह रही गोमती नदी में वापस छोड़ दिया गया है। राहत की बात यह रही कि समय रहते जानकारी मिलने से परिवार का कोई भी सदस्य हताहत नहीं हुआ।
ग्रामीणों के अनुसार, इलाके में लगातार हो रही बारिश के कारण गोमती नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि मगरमच्छ नदी के तेज बहाव में बहकर गांव तक आ पहुंचा और रात के अंधेरे में घर में दाखिल हो गया।
हरदोई /रिपोर्टर प्रवीण कुमार