बारीपदा, 30 सितंबर: स्ट्रीट वेंडरों के आर्थिक सशक्तीकरण और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से बारीपदा नगरपालिका की ओर से नगरपालिका सभाकक्ष में पीएम स्वनिधि योजना को लेकर एक जनकल्याण मेला आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगरपाल कृष्णानंद महांती ने की।कार्यक्रम में एलडीएम, एसबीआई बारीपदा शाखा के मुख्य प्रबंधक तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर स्ट्रीट वेंडरों को मिलने वाली ऋण सुविधाओं, आवेदन प्रक्रिया, बैंक सहायता, डिजिटल लेन-देन तथा योजना के विभिन्न लाभों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।बैंकों के प्रतिनिधियों ने स्ट्रीट वेंडरों को ऋण के लिए आवेदन करने तथा ऋण से संबंधित प्रक्रिया के बारे में आवश्यक परामर्श दिया। वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने खाद्य विक्रेताओं को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, सुरक्षित खाद्य परोसने तथा खाद्य सुरक्षा के संबंध में जागरूक किया।इसके अलावा, स्वच्छ साथी और सुपरवाइजरों के माध्यम से स्वच्छता, कचरा प्रबंधन तथा स्वच्छ व्यावसायिक वातावरण बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। मेले में बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडरों ने सक्रिय रूप से भाग लेकर पीएम स्वनिधि योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।इस जनकल्याण मेले के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा स्ट्रीट वेंडरों को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल की गई।कार्यक्रम के अंत में पीएम स्वनिधि योजना के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए एसबीआई बारीपदा शाखा को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सभी वार्ड पार्षद, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, कम्युनिटी मैनेजर, डीएमएमयू, स्ट्रीट वेंडर, स्वच्छ साथी, सुपरवाइजर तथा नगरपालिका के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज।