झांसी:
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने आज विकास खंड बबीना के विभिन्न गांवों में विकास एवं जनहित की कई महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वच्छता और आदिवासी समुदाय के उत्थान को गति देने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और जनता से सीधा संवाद किया।
खैलार गांव में ए.आई. युक्त कम्प्यूटर शिक्षा पर जोर
जिलाधिकारी ने विकास खंड बबीना के ग्राम खैलार में ग्राम निधि से निर्मित कम्प्यूटर लैब का औपचारिक शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनकी शिक्षा एवं भविष्य के बारे में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने विशेष सुझाव देते हुए कहा कि बच्चों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए कम्प्यूटर शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए.आई.) को भी सम्मिलित किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के छात्र भी भविष्य की चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार हो सकें।
सिमरावारी में नगर निगम के सहयोग से कचरा निस्तारण का शुभारंभ
ग्राम सिमरावारी में स्वच्छता को एक नई दिशा देते हुए जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत एवं नगर निगम के मध्य हुए एम.ओ.यू. के अंतर्गत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण से एकत्रित कचरे के निस्तारण की व्यवस्था का शुभारंभ किया। उन्होंने कचरा संग्रहण करने वाली गाड़ियों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया और उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को सम्मानित किया।
डीएम ने बताया कि सिमरावारी में विगत डेढ़ वर्ष से यह कार्य संचालित हो रहा है, जिसे अब नगर निगम के साथ जोड़कर और अधिक प्रभावी बनाया गया है। उन्होंने ग्रामवासियों और स्थानीय व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानों और घरों का कूड़ा केवल निर्धारित गाड़ी में ही दें ताकि गांव पूरी तरह स्वच्छ और नंबर-1 बन सके। इसके पश्चात, उन्होंने सिमरावारी में एक डिजिटल लाइब्रेरी का भी उद्घाटन किया और बच्चों को आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
बडोरा गांव में सहरिया समुदाय के बीच जन चौपाल और विकास कार्य
विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण करने के पश्चात् जिलाधिकारी ने सहरिया बहुल ग्राम बडोरा में आयोजित जन चौपाल में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की शुरुआत सहरिया समुदाय की बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत सुंदर नृत्य के साथ हुई।
जिलाधिकारी ने ब्लॉक बबीना के खंड विकास अधिकारी/सहायक कलेक्टर श्री आयुष सैनी द्वारा समुदाय के लोगों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस दौरान सहायक कलेक्टर द्वारा बच्चों के चिन्हित जन्म प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
अधिकारियों को सख्त निर्देश और जनसमस्याओं का निस्तारण
जन चौपाल के दौरान चिकित्सा, एनआरएलएम, समाज कल्याण और शिक्षा विभाग द्वारा लगाए गए शिविरों का निरीक्षण किया गया, जहां डीएम ने बच्चों को अन्नप्राशन भी कराया। पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्या संज्ञान में आते ही उन्होंने तत्काल संबंधित अवर अभियंता को मौके पर पहुंचकर ऑनलाइन माध्यम से वस्तुस्थिति से अवगत कराने और त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सहरिया समुदाय के शिक्षक श्री बाबू भैया से भी संवाद किया और समुदाय के लोगों से शिक्षा व आर्थिक उन्नति के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “अब समय केवल बातों का नहीं, बल्कि बदलाव का है।” प्रशासन हर कदम पर उनके विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
इस कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, सहायक कलेक्टर एवं खंड विकास अधिकारी बबीना श्री आयुष सैनी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।