झांसी। पितृपक्ष के अवसर पर सीपरी बाजार के निकट पहुज नदी तट पर जिला जनकल्याण महासमिति, झांसी एवं रानी झांसी फाउंडेशन, झांसी के तत्वावधान में सामूहिक तर्पण, पिंड पूजन एवं पितृ शांति प्रार्थना का आयोजन किया गया।
यह आयोजन डॉ. जितेन्द्र कुमार तिवारी के संयोजन में किया गया। इसमें अज्ञात, अनाथ एवं लावारिस दिवंगत आत्माओं के साथ-साथ उन परिवारों के पूर्वजों के निमित्त भी धार्मिक अनुष्ठान किया गया, जो गया जी नहीं पहुंच पा रहे हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न धर्माचार्यों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक विधि-विधान के साथ अनुष्ठान संपन्न कराया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और उन्होंने अपने दिवंगत माता-पिता, दादा-दादी एवं अन्य पूर्वजों का नाम और गोत्र लेकर पिंड पूजन किया।
आयोजकों के अनुसार, इन पिंडों को आगे तीर्थराज गया जी में पिंडदान के लिए ले जाया जाएगा।
इस अवसर पर डॉ. जितेन्द्र तिवारी ने कहा कि पितृपक्ष केवल अपने पुरखों को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि उन दिवंगत आत्माओं के प्रति संवेदना व्यक्त करने का भी समय है, जिन्हें शायद जीवन के अंतिम समय में अपना कहने वाला भी कोई नहीं मिला।
झांसी में आयोजित इस सामूहिक तर्पण कार्यक्रम ने पितृसेवा के साथ मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी सामने रखा।