झांसी। इलाहाबाद-झांसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत जनपद में प्रस्तावित मतदेय स्थलों को लेकर कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिव प्रताप शुक्ला ने की।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इलाहाबाद-झांसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, महोबा, जालौन, झांसी और ललितपुर समेत कुल 10 जनपद शामिल हैं। जनपद में पूर्व में 43 मतदान स्थल निर्धारित थे। जिन मतदेय स्थलों पर मतदाताओं की संख्या 1400 से अधिक हो गई है, वहां सहायक मतदेय स्थल बनाए जाने के बाद अब कुल 47 मतदान स्थल प्रस्तावित किए गए हैं।
बैठक के दौरान सभी प्रस्तावित मतदेय स्थलों और उनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रतिनिधियों से प्रस्तावित स्थलों के संबंध में सुझाव एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने को कहा।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रस्तावित मतदेय स्थलों का अवलोकन करने के बाद सहमति व्यक्त की तथा किसी भी प्रकार की आपत्ति दर्ज नहीं कराई। अधिकारियों ने निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित पक्षों से सहयोग की अपेक्षा की।
बैठक में निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया गया कि अधिसूचना 29 सितंबर 2026, नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर, नाम निर्देशनों की संवीक्षा 7 अक्टूबर तथा नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। मतदान 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को कराई जाएगी।
इस अवसर पर अपना दल (एस) के जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र पटेल, बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष भगवान दास, झांसी महानगर के जिला उपाध्यक्ष अभिषेक जैन, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष बृजेंद्र सिंह भोजला, कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष गिरजा शंकर राय, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अरशद खान, भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री देवेंद्र दुबे सहित वरिष्ठ सहायक आरके पाल एवं जिला निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।