बारीपदा, 2 अक्टूबर: सेवा संकल्प अभियान के अवसर पर बारीपदा स्थित अनंत सारला नर्सिंग स्कूल परिसर में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा दुर्घटना के बाद मिलने वाली चिकित्सा सहायता के संबंध में आम लोगों को जागरूक करना था।कार्यक्रम में कनिष्ठ मोटर वाहन निरीक्षक सुप्रिया प्रियदर्शिनी तथा ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर प्रज्ञा रमिता बल ने भाग लिया। उन्होंने नर्सिंग छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं को सड़क सुरक्षा, दुर्घटना के बाद तत्काल चिकित्सा सहायता तथा पीएम-राहत योजना के संबंध में जानकारी और प्रशिक्षण प्रदान किया।कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि पीएम-राहत योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में दुर्घटना के बाद पहले सात दिनों तक डेढ़ लाख रुपये तक की चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सकती है। आयुष्मान भारत योजना के तहत सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भी यह सुविधा उपलब्ध होने की जानकारी दी गई।इसके अलावा सरकारी अस्पतालों में सड़क दुर्घटना में घायल लोगों का उपचार निःशुल्क किए जाने के संबंध में भी लोगों को अवगत कराया गया। बताया गया कि राज्य में 789 निजी अस्पताल पीएम-राहत योजना के तहत पंजीकृत हैं।कार्यक्रम में दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को बिना देरी के चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा सरकार की ओर से उपलब्ध चिकित्सा सहायता योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।इस अवसर पर नर्सिंग छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा अंबिका विहार कॉलोनी सोसाइटी के पदाधिकारियों ने भाग लेकर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहयोग किया। जिला परिवहन प्राधिकरण कार्यालय तथा अनंत सारला नर्सिंग स्कूल के कर्मचारियों ने कार्यक्रम के सफल संचालन में सक्रिय सहयोग किया।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज।