गांधी-शास्त्री जयंती पर गूंजा सत्य, अहिंसा और जय जवान-जय किसान का संदेश
खड़ोवरा के पं. रुद्र नारायण त्रिवेणी शर्मा मेमोरियल इंटर कॉलेज में श्रद्धा और देशभक्ति के साथ मनाई गई जयंती
ललितपुर। पं. रुद्र नारायण त्रिवेणी शर्मा मेमोरियल इंटर कॉलेज खड़ोवरा में 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती बड़े ही श्रद्धा, उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य आशीष दीक्षित ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा को अपना हथियार बनाकर देश को स्वतंत्रता के मार्ग पर अग्रसर किया। उनके दिखाए सत्य के मार्ग पर चलकर ही हम देश को आगे ले जा सकते हैं। वहीं लाल बहादुर शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति की अद्भुत मिसाल पेश की। उन्होंने ‘जय जवान-जय किसान’ का नारा देकर देश के जवानों और किसानों में नई ऊर्जा का संचार किया।
उन्होंने कहा कि दोनों महान विभूतियों के विचार आज भी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। विद्यार्थियों को महापुरुषों के आदर्शों को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर उन्हें अपने व्यवहार एवं जीवन में अपनाना चाहिए।
जयंती समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भाषण, कविता, देशभक्ति गीत एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष तथा राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को याद किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में देशभक्ति का माहौल बना दिया। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता अभियान में सहभागिता कर स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत का संदेश दिया।
विद्यालय के उप प्रधानाचार्य राम जू यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी के सत्य एवं अहिंसा तथा लाल बहादुर शास्त्री के अनुशासन, सादगी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र का भविष्य विद्यार्थियों के हाथों में है। अच्छे संस्कार, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना से ही मजबूत एवं सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।
अंत में विद्यालय परिवार ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। साथ ही स्वच्छता, अनुशासन, राष्ट्रसेवा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सदैव तत्पर रहने का संकल्प भी लिया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य आशीष दीक्षित, उप प्रधानाचार्य राम जू यादव, समस्त विद्यालय स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।