झांसी
महात्मा गांधी जयंती के पावन अवसर पर जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम जनता को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर से एक भव्य जन जागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने हरी झंडी दिखाकर इस बाइक एवं प्रचार वाहन रैली को रवाना किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संदेश देते हुए कहा कि “जीवन अमूल्य है, इसे लापरवाही से जोखिम में न डालें।” उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें, चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें, नशे की हालत में गाड़ी न चलाएं और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करने या ओवर स्पीडिंग व स्टंट करने से बचें।
प्रशासन सख्त: बिना हेलमेट चालकों के खिलाफ लगातार हो रही कार्रवाई
जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों के अनुपालन में जनपद में लगातार दोपहिया वाहनों की सघन जांच की जा रही है। बिना हेलमेट पहने वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध लगातार चालान की कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, ताकि लोगों में यातायात नियमों के प्रति अनुशासन और गंभीरता बनी रहे।
रैली का प्रमुख मार्ग
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) श्री हेमचंद्र सिंह गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रचार वाहन और बाइक रैली कलेक्ट्रेट परिसर से आरंभ होकर ईलाइट चौराहा, चित्रा चौराहा, बीकेडी चौराहा से होते हुए पुनः ईलाइट चौराहे से गुजरी और संभागीय परिवहन कार्यालय, झांसी में आकर समाप्त हुई। इस दौरान जगह-जगह लोगों को यातायात नियमों की तख्तियों और नारों के माध्यम से जागरूक किया गया।
प्रमुख रूप से इनकी रही उपस्थिति
इस जागरूकता अभियान एवं रैली के दौरान जॉइंट मजिस्ट्रेट श्री आयुष सैनी, एडीएम (न्याय) श्री अरुण कुमार गौड़, एआरटीओ (प्रवर्तन-प्रथम) श्री हेमचंद्र सिंह गौतम, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन-द्वितीय) डॉ. सुजीत कुमार सिंह, यात्री/मालकर अधिकारी श्री सुरेंद्र कुमार अग्रवाल, संभागीय निरीक्षक श्री संजय सिंह सहित बस, ट्रक एवं टेम्पू यूनियन के अध्यक्ष, सुश्री प्रगति शर्मा और श्री अतुल अग्रवाल किलपन आदि गणमान्य लोग उपस्थित रहे।