झांसी:
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर झांसी कमिश्नरी सभागार में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मण्डलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने दोनों महापुरुषों के चित्रों का अनावरण कर माल्यार्पण किया और उन्हें नमन करते हुए उनके जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला।
मण्डलायुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी को मन, वचन और कर्म से सही कार्य करना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सरकारी पदों पर कार्यरत प्रत्येक कर्मी को सत्य बोलने के साथ ही समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की समस्या के प्रति संवेदनशील बनना चाहिए। हर अधिकारी का यह प्रयास होना चाहिए कि वह फरियादी के चेहरे पर खुशी लाने में सहायक बने। उन्होंने स्मरण कराया कि महात्मा गांधी ने आजीवन सत्य और अहिंसा के मार्ग का पालन किया।
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन पर चर्चा करते हुए मण्डलायुक्त ने कहा कि शास्त्री जी एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखते थे। प्रधानमंत्री जैसे सर्वोच्च पद पर रहते हुए भी उन्होंने अद्वितीय सादगी की मिसाल पेश की और “जय जवान जय किसान” का नारा देकर देश के इतिहास पर गहरी छाप छोड़ी। उन्होंने आह्वान किया कि हम सभी को इन दोनों महान विभूतियों के सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
गायन के साथ दी गई श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान कमिश्नरी परिवार के सभी सदस्यों ने चित्रों पर पुष्प अर्पित किए। इस अवसर पर सामूहिक रूप से महात्मा गांधी के प्रिय भजन “रघुपति राघव राजा राम” का गायन किया गया, जिससे पूरा सभागार देशभक्ति के रंग में रंग गया।
इस मौके पर अपर आयुक्त प्रशासन कुंवर पंकज, अपर आयुक्त न्यायिक प्रियंका सिंह, सहायक निदेशक सूचना सुरजीत सिंह, सांख्यिकीय अधिकारी प्रियंका सहित कमिश्नरी कार्यालय के तमाम अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।