रितेश कुमार ब्यूरो चीफ बालोद छत्तीसगढ़
बालोद
अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बालोद पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 66 पाव रोमियो देशी मदिरा प्लेन शराब और शराब परिवहन में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। दोनों मामलों में आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पहले मामले में 1 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम जामगांव भाटा खाद गोदाम के पास दो व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक CG 05 0431 में बिक्री के लिए अवैध शराब रखे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। आरोपियों के कब्जे से 34 पाव शराब, प्रत्येक 180 एमएल, कुल 6.120 बल्क लीटर, कीमत 2,720 रुपये बरामद की गई। शराब परिवहन में प्रयुक्त हीरो होंडा मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। इस मामले में कुल जब्ती 17,720 रुपये की है।
पुलिस ने मामले में भूपेश कुमार ठाकुर (30) और वेदुराम नेताम उर्फ कृष्ण कुमार (55), दोनों निवासी करहीभदर, को गिरफ्तार किया।
दूसरे मामले में पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम जामगांव से करहीभदर की ओर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 19 BJ 9283 से अवैध शराब ले जाई जा रही है। पुलिस ने करहीभदर और आसपास के क्षेत्र में घेराबंदी कर कार्रवाई की। आरोपियों के कब्जे से 32 पाव शराब, प्रत्येक 180 एमएल, कुल 5.760 बल्क लीटर, कीमत 2,560 रुपये बरामद हुई। शराब परिवहन में प्रयुक्त हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। इस मामले में कुल जब्ती 32,560 रुपये की है।
दूसरे मामले में महेन्द्र कुमार नेताम (32) और डायमन कुमार साहू (33), दोनों निवासी करहीभदर, को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध क्रमांक 516/2026 और 517/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में कार्रवाई की है।
बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अवैध शराब की बिक्री या परिवहन की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।