*- पंचायती राज आम चुनाव-की तैयारियों की जिला निर्वाचन अधिकारी ने की समीक्षा*
*- निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करें-आलोक रंजन*
– 08 अक्टूबर को जारी होगी लोकसूचना, नामांकन एवं मतदान संबंधी तैयारियां समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश।
पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आलोक रंजन की अध्यक्षता में सोमवार को अटल सेवा केन्द्र सभागार में रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों तथा विभिन्न निर्वाचन प्रकोष्ठों के प्रभारी एवं सहप्रभारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में चुनाव की तैयारियों, प्रकोष्ठवार कार्यों एवं आगामी गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की गई।
– निर्वाचन प्रक्रिया के लिए तैयारियां पूर्ण करें
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में पंचायतीराज आम चुनाव दो चरणों में होंगे। प्रथम एवं द्वितीय चरण के लिए 8 अक्टूबर को लोकसूचना जारी की जाएगी। उन्होंने संबंधित रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को नामांकन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केन्द्रों का सत्यापन से संबंधित कार्य भी प्राथमिकता से पूर्ण करने को कहा।
*- आदर्श आचार संहिता के प्रभावी क्रियान्वयन एवं समय पर रिपोर्टिंग करें सुनिश्चित*
– आलोक रंजन ने कहा कि सभी अधिकारी राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन कर उनकी अक्षरशः पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोग को भेजी जाने वाली समस्त रिपोर्ट निर्धारित समय पर प्रेषित करने तथा निर्वाचन संबंधी आंकड़ों को नियमित रूप से अपडेट करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
*प्रकोष्ठवार कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें*
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन कार्यों के सुचारू संचालन के लिए गठित विभिन्न प्रकोष्ठ अपने दायित्वों के अनुरूप कार्य तत्काल प्रारम्भ करें। उन्होंने निर्वाचन कार्मिकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार आयोजित करने तथा नियुक्ति प्रकोष्ठ द्वारा मतदान दलों के गठन की कार्यवाही समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मतदान दलों की रवानगी स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा नियंत्रण कक्ष को सतत सक्रिय रखने के निर्देश दिए। नियंत्रण कक्ष में प्राप्त निर्वाचन संबंधी प्रकरणों एवं जिज्ञासाओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने प्रत्येक प्रकोष्ठ द्वारा अब तक की गई तैयारियों की जानकारी लेते हुए आगामी कार्य जिला स्तर पर निर्धारित कैलेंडर के अनुसार संपादित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जवाहर चौधरी सहित विभिन्न निर्वाचन प्रकोष्ठों के प्रभारी एवं सहप्रभारी उपस्थित रहे। रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक में भाग लिया।