दुद्धी (सोनभद्र)। क्षेत्र की सुप्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक श्री रामलीला का सोमवार को तहसील परिसर के रामलीला मंच पर पारंपरिक और भव्य ढंग से शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत दुद्धी के अध्यक्ष कमलेश मोहन, विशिष्ट अतिथि उपजिलाधिकारी दुद्धी अशोक कुमार गुप्ता तथा क्षेत्राधिकारी विनय प्रभाकर साहनी ने संयुक्त रूप से रामभक्त श्री हनुमान जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर मंचन का औपचारिक आगाज किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में श्री रामलीला कमेटी की ओर से आए हुए सभी अतिथियों को अंगवस्त्रम भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
संबोधन के दौरान मुख्य अतिथि कमलेश मोहन ने कहा कि रामलीला का आयोजन केवल मनोरंजन या देखने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसके आदर्शों और विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की लीला से हमें परिवार और समाज में सामंजस्य बनाए रखने की सीख मिलती है। पिता की आज्ञा का पालन और भाइयों का आपसी प्रेम रामायण का मुख्य संदेश है।
अपने वक्तव्य के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष ने दुद्धी क्षेत्र में हुए विकास कार्यों और आगामी योजनाओं का भी उल्लेख किया। कमेटी द्वारा कलाकारों की सुविधा हेतु भवन निर्माण की मांग पर उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में इसके लिए पूरा प्रयास कर भवन निर्माण कराया जाएगा।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। डॉ. लवकुश प्रजापति ने संत तुलसीदास जी की प्रसिद्ध चौपाई पंक्तियों “सिय राम मय सब जग जानी, करहु प्रणाम जोरी जुग पानी” का उल्लेख करते हुए प्रभु राम की व्यापकता पर प्रकाश डाला। इसके अलावा अन्य वक्ताओं ने भी श्रीराम के जीवन चरित्र पर अपने विचार रखे।
उद्घाटन सत्र के रामलीला मंचन का सफल संचालन कमेटी कोषाध्यक्ष आलोक अग्रहरि ने किया।
कार्यक्रम के अंत में श्री रामलीला कमेटी दुद्धी के अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रहरि एवं महामंत्री सुरेंद्र कुमार ने आए हुए सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं व गणमान्य नागरिकों का धन्यवाद व आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष राजकुमार,अमरनाथ जायसवाल ,रविंद्र जायसवाल,पंकज जायसवाल,रामेश्वर राय , मंडल अध्यक्ष दीपक शाह ,नंदलाल अग्रहरि,वारुणोदय जौहरी ,मनीष जायसवाल,प्रखंड अध्यक्ष संदीप गुप्ता , पियूष कसेरा, डॉक्टर के के चौरसिया,रवि जायसवाल सहित बड़ी संख्या में राम भक्त उपस्थित रहे ।
