खुर्जा। कोतवाली खुर्जा नगर पुलिस ने करीब 28 वर्ष पूर्व हुई हत्या की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों को मधुपुरा मोड़ से गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर 1997 को पीड़ित सुरजीत निवासी ग्राम भिण्डौर, खुर्जा नगर का भाई ब्रह्मजीत छलेरा, आरोपी रमेश के साथ गौतमबुद्ध नगर से खुर्जा नगर मेला देखने आया था। इसी दौरान आरोपियों ने ब्रह्मजीत की हत्या कर शव को छिपा दिया और फरार हो गए। वर्ष 1997 में पीड़ित द्वारा जनपद गौतमबुद्ध नगर में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
हाल ही में 17 अगस्त 2026 को थाना सेक्टर-39 कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में दर्ज जीरो एफआईआर के आधार पर 25 अगस्त को थाना खुर्जा नगर पर धारा 302/201 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद खुर्जा नगर पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक रामफल सिंह, निरीक्षक राजेश कुमार, उ0नि0 सुमित कुमार पाण्डेय, है0का0 चरण सिंह व रि0का0 शिवम कुमार ने कार्रवाई करते हुए 4 अक्टूबर 2026 को दोनों आरोपियों को मधुपुरा मोड़ से दबोच लिया। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। गिरफ्तार अभियुक्त
तारा सिंह पुत्र रघुवर सिंह निवासी: ग्राम भिण्डौर, थाना खुर्जा नगर, बुलंदशहर,
रमेश पुत्र रघुवर सिंह निवासी: ग्राम भिण्डौर, थाना खुर्जा नगर, बुलंदशहर
पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।