दुद्धी (सोनभद्र)। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची को दोषमुक्त बनाने के लिए दुद्धी तहसील प्रशासन ने कमर कस ली है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के बाद तहसील सभागार में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता ने की।
बैठक में तहसील क्षेत्र के सभी सुपरवाइजर और बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहे। एसडीएम ने कहा कि चुनाव की तैयारी का पहला और सबसे महत्वपूर्ण कदम सही मतदाता सूची है। इसलिए हर बूथ के बीएलओ को अपने क्षेत्र के गांवों और टोलों में पहुंचकर पात्र मतदाताओं की पहचान करनी होगी।
एसडीएम ने निर्देश दिया कि 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को विशेष रूप से चिन्हित किया जाए। ऐसे सभी युवाओं से फॉर्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि पहली बार वोट डालने वाले युवाओं को मतदान के अधिकार से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
बैठक में पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद सूची से हटे नामों पर भी चर्चा हुई। एसडीएम ने कहा कि जिन नागरिकों के नाम विलोपित हुए हैं, उनके घरों पर जाकर जांच की जाए। यदि कोई व्यक्ति वास्तव में पात्र मतदाता पाया जाता है, तो उसे दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 भरने के लिए प्रेरित किया जाए।
एसडीएम ने सभी बीएलओ और सुपरवाइजरों को समयबद्ध तरीके से डेटा सत्यापन तथा फॉर्म जमा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन से जुड़े कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता सहन नहीं की जाएगी। इसका उद्देश्य निर्धारित समय पर त्रुटिरहित अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित करना है।