#बलियापुर : धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र के डांगापाड़ा में 5 अक्टूबर को चारपहिया वाहन की टक्कर से घायल बाइक सवार प्रेम कुमार साव (21) की इलाज के दौरान मौत हो गई। उनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा था। युवक की मौत की खबर से परिजनों और ग्रामीणों में शोक के साथ आक्रोश फैल गया।
सोमवार को मृतक के परिजनों और आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव के साथ बलियापुर चौक पर सड़क जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक सड़क जाम रहने से आवागमन प्रभावित रहा और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि इस दुख की घड़ी में परिवार को आर्थिक सहायता मिल सके।
दुर्गा पूजा के मद्देनजर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बलियापुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर सड़क जाम हटवाया। इसके बाद थाना परिसर में पीड़ित परिवार और ग्रामीणों को बुलाकर मुआवजे के मुद्दे पर चर्चा की गई। साथ ही, मृतक के परिजनों को यथासंभव सहायता दिलाने को लेकर बातचीत हुई।
फिलहाल, पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने के संबंध में आगे की पहल का इंतजार है। हादसे में एक युवा की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
#DhanbadNews