एटा। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में डीएन कॉलेज के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे आगरा रेफर कर दिया गया। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान विपिन पुत्र सुरेंद्र निवासी कुड़ासी के रूप में हुई है। उसके भाई ओमकार के अनुसार, विपिन बाइक से खेत पर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में विपिन गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी जान नहीं बच सकी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
