सहारनपुर
सहारनपुर नगर कोतवाली क्षेत्र के महावीर बाजार में मंगलवार देर शाम कुर्सियों की एक दुकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही क्षेत्रवासियों ने अग्निशमन विभाग को सूचित किया। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से दुकान में काफी नुकसान होने का अनुमान है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर शाम महावीर बाजार स्थित कुर्सियों की दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। क्षेत्रवासियों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। इस दौरान नगर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास किया। कुछ ही देर में दमकल कर्मी अग्निशमन वाहन के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक दुकान में रखा सामान आग की चपेट में आकर काफी हद तक क्षतिग्रस्त हो चुका था। आग से हुए नुकसान का वास्तविक आकलन नहीं हो सका है।
रमेश सैनी सहारनपुर