बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन से ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत एक बड़ी कार्रवाई! आरपीएफ (RPF) टीम ने चोरी के स्मार्टफोन और भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब के साथ एक शातिर अपराधी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल अंतर्गत बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा और सतर्क’ के तहत चलाए जा रहे गश्त अभियान के दौरान आरपीएफ की टीम ने एक संदिग्ध युवक को दबोचा, जिसके पास से चोरी का मोबाइल और अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है।
पूरा मामला 14 अक्टूबर 2026 का है। बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 2/3 के पश्चिमी छोर पर आरपीएफ की टीम routine surveillance (नियमित गश्त) पर थी। इसी दौरान दोनों हाथों में प्लास्टिक का झोला लिए एक युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिया।
सुरक्षाकर्मियों को अपनी ओर आता देख आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
तलाशी लेने पर आरोपी के पास से
चोरी का फ्लाइट मोड पर रखा गया एक लॉक्ड रियलमी (Realme) स्मार्टफोन बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग ₹20,000 बताई जा रही है। फ्लाइट मोड हटाने पर मोबाइल के असली मालिक आस्था सिंह (निवासी- हाजीपुर, वैशाली) की पहचान हो सकी।
साथ हीं 64 कैन/बोतल किंगफिशर एक्स्ट्रा प्रीमियम अंग्रेजी शराब (कुल 32 लीटर), जिसकी अनुमानित कीमत ₹12,160 है, जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुन्नी मलिक (उम्र 20 वर्ष), पिता- विनोद मलिक, निवासी- जुड़ावनपुर (थाना- जुड़ावनपुर, जिला- वैशाली) के रूप में हुई है। कुल जब्त सामान का मूल्य ₹32,160 है।
मामले में कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए आरोपी को जब्त मोबाइल और शराब के साथ जीआरपी (GRPS) बख्तियारपुर के हवाले कर दिया गया है। एसआई चक्रपाणि कुमार की शिकायत पर जीआरपी बख्तियारपुर में कांड संख्या 111/26 दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(C), 317(2) और बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2022 की धारा 30(A) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रेल यात्रियों की सुरक्षा और अवैध तस्करी पर लगाम कसने के लिए आरपीएफ और जीआरपी का यह संयुक्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।