कानपुर नगर
कानपुर में सड़कों की खराब हालत और कागजों में काम पूरा दिखाने वाले अधिकारियों पर अब गाज गिरने वाली है। जिलाधिकारी श्री महेंद्र सिंह तंवर ने साफ कहा है कि अगर रिपोर्ट में सड़क का काम पूर्ण दिखाया गया और मौके पर अधूरा या खराब मिला तो संबंधित अधिशासी अभियंता के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
नोडल अधिकारी करेंगे सत्यापन –
डीएम के निर्देश पर अब जनपद स्तरीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया जाएगा। ये अधिकारी मौके पर जाकर सड़कों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे और GPS फोटो और वीडियो के साथ रिपोर्ट सौंपेंगे। कार्य की वास्तविक स्थिति, आवागमन योग्य होने और गुणवत्ता की जांच होगी।
आज सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में डीएम ने PWD, नगर निगम, सेतु निगम की समीक्षा की।
PWD की रिपोर्ट –
– प्रांतीय खंड के EE अनूप मिश्रा: 4 मार्गों पर सुदृढ़ीकरण जारी, 6 सड़कों का नवीनीकरण 30 अक्टूबर तक पूरा, 26 सड़कों को 10 दिन में आवागमन योग्य बनाया जाएगा।
– निर्माण खंड के EE खंडेश्वर प्रसाद: 12 सड़कों का नवीनीकरण 30 अक्टूबर तक, 9 पर पैचवर्क पूरा, 8 पर काम जारी।
– राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के EE जयंत: GT रोड के 18 किमी में सिर्फ 1.5 किमी पैचवर्क बाकी।
डीएम ने CDO अभिनव जे. जैन को अंतरविभागीय समन्वय के निर्देश दिए। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय को जोनवार सड़कों का पैचवर्क और नवीनीकरण समयबद्ध पूरा करने और हर सप्ताह समीक्षा के निर्देश दिए।
सभी विभागों को साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट, लंबित टेंडर जल्द पूरा करने और मानकों के अनुरूप काम पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, CDO अभिनव जे. जैन, ADM नगर सौरभ सिंह सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जिला क्राइम ब्यूरो कानपुर दीपक तिवारी