सकीट (एटा)। सकीट क्षेत्र के गांव कुल्ला हबीबपुर में मानव कल्याण सेवा समिति की ओर से सद्भावना संत सम्मेलन एवं सत्संग का आयोजन किया गया। गांव निवासी यशपाल सिंह के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में संतों ने प्रवचनों के माध्यम से लोगों को आपसी प्रेम, सामाजिक एकता और मानव सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम में एटा से पहुंचे महात्मा मुसाफिर नंद, गोपालानंद और संध्या बहन ने भजन-कीर्तन के साथ आध्यात्मिक विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि सभी मनुष्य एक ही परमात्मा की संतान हैं। जाति और धर्म के आधार पर किसी के प्रति भेदभाव नहीं करना चाहिए। समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए जरूरी है कि लोग एक-दूसरे का सम्मान करें और जरूरत के समय सहयोग के लिए आगे आएं।
संतों ने कहा कि मानवता की सेवा और आपसी भाईचारा ही समाज को मजबूत बनाने का आधार है। कार्यक्रम के समापन पर भजन-कीर्तन हुआ, जिसमें उपस्थित लोगों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर यशपाल सिंह, डॉ. लालाराम शाक्य, अनूप सिंह, अब्बल सिंह, रामोद बघेल, सुदेश कुमार, अंबरसहाक्य, ईश्वर दयाल, अरवेश, वीरेंद्र, रामेंद्र, विकास, राजवीर और अमर सिंह सहित बड़ी संख्या में सत्संग प्रेमी मौजूद रहे।
