दहक उठी रावण की नाभि, गूंज उठे ‘जय श्रीराम’ के जयकारे; देखने उमड़ी भारी भीड़

सोनभद्र।अनपरा तापीय परियोजना की अनपरा कॉलोनी स्थित रामलीला मैदान में मंगलवार को दशहरा महोत्सव अपार जनसैलाब और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। श्री रामलीला समिति अनपरा तापीय परियोजना द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में देर शाम भव्य रावण दहन का आयोजन किया गया, जिसे देखने के लिए अनपरा और आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे।
रावण दहन के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को अहंकार, अन्याय और समाज में व्याप्त बुराइयों का त्याग कर एक श्रेष्ठ व आदर्श समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया गया।
सायंकाल 8 बजे जैसे ही रावण के विशाल पुतले में अग्नि प्रज्वलित की गई, पूरा मैदान गगनचुंबी आतिशबाजी के अनूठे प्रदर्शन से जगमगा उठा। आतिशबाज़ी के इस मनमोहक नज़ारे ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इससे पूर्व, अपराह्न 4 बजे से ही रामलीला मैदान में भव्य मेले का आयोजन शुरू हो गया था। मेले में बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए झूले, चटपटे व्यंजनों के स्टॉल और विभिन्न प्रकार की दुकानें सजाई गई थीं, जहाँ लोगों ने देर रात तक जमकर खरीदारी और आनंद लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अनपरा तापीय परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक (CGM) श्री अजय कुमार कटियार उपस्थित रहे।जबकि विशिष्ट अतिथियों के रूप में ई० सोमनाथ मिश्रा (महाप्रबंधक – प्रशासन),ई० प्रशांत त्रिपाठी (महाप्रबंधक – द.ता.प.),ई० चंद्र प्रकाश (महाप्रबंधक – ब.ता.प.),ई० डी०के० सिंह (महाप्रबंधक – अ.ता.प.), ई० निशीथ शर्मा (महाप्रबंधक – जानपद),श्री नितीश कुमार तोमर (कमांडेंट, CISF)समेत तापीय परियोजना के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं सीआईएसएफ के जवान शामिल हुए। मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और क्षेत्रवासियों को विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं दीं।
आयोजक श्री रामलीला समिति ने कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए सभी सहयोगियों, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
