रामजी तिवारी मड़ावरा ललितपुर
ललितपुर : रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुपालन में गुरुवार, को ललितपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर रेल जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता मयंक अग्रवाल की अध्यक्षता तथा स्टेशन मैनेजर धर्मेंद्र कुमार चतुर्वेदी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य यात्रियों से सीधे संवाद कर स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं, साफ-सफाई की व्यवस्था और भविष्य में आवश्यक सुधारों के संबंध में उनकी राय जानना रहा।
आम यात्रियों से सीधे संवाद, जानीं सुविधाओं की स्थिति
जनसंवाद के दौरान स्टेशन पर आने-जाने वाले सामान्य यात्रियों से आमने-सामने बातचीत की गई। रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने यात्रियों से स्टेशन परिसर में साफ-सफाई, उपलब्ध जनसुविधाओं तथा यात्रा के दौरान मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही, भविष्य में यात्रियों को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उनके सुझाव भी मांगे गए।
यात्रियों की राय को व्यवस्थित रूप से दर्ज करने के लिए फीडबैक फॉर्म भरवाए गए। यात्रियों ने इन प्रपत्रों के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया लिखित रूप में स्टेशन मैनेजर को सौंपी, ताकि प्राप्त सुझावों पर विचार कर भविष्य में आवश्यक सुधारों की दिशा में कदम उठाए जा सकें।जनसंवाद कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता मयंक अग्रवाल, सहायक मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता मनोज कुमार मुख्य वाणिज्य पर्यवेक्षक, सीटीआई संजय सोनकर, मनीष शुक्ला, आकांक्षा पाराशर, संजय मोदी,अजय कुमार, नीरज अग्रवाल, सर्विस दीक्षित और दीपक कुमार सहित संबंधित रेलकर्मी उपस्थित रहे। टीम ने यात्रियों से संवाद स्थापित कर उनकी प्रतिक्रियाएं और सुझाव एकत्रित किए।कार्यक्रम के समापन पर स्टेशन मैनेजर धर्मेंद्र कुमार चतुर्वेदी ने जनसंवाद टीम और उपस्थित यात्रियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने आमजन से अपील की कि रेलवे स्टेशन और उसके परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में रेल प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता की जिम्मेदारी केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है।
