एटा। जनपद के भगीपुर बढ़ेरा गांव में 22 वर्षीय युवक गौतम की मौत के मामले में उस समय नया मोड़ आ गया, जब पुलिस ने अंतिम संस्कार के दौरान जलती चिता से उसका शव बाहर निकलवाया। ससुराल पक्ष ने युवक की हत्या कर शव जलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 11 बजे गौतम के परिजन काली नदी के किनारे उसका अंतिम संस्कार कर रहे थे। इसी दौरान उसकी ससुराल के लोग पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चिता से शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
बताया गया है कि गौतम की शादी शिवानी से हुई थी। उसकी पत्नी का आरोप है कि गौतम पर दूसरी युवती से विवाह करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। इसी पारिवारिक विवाद के बीच गौतम द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है।
हालांकि, ससुराल पक्ष ने युवक की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव जलाने का आरोप लगाया है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
