कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला बैतूल (म.प्र.)
प्रेस नोट
कैलाश आर्य स्टेट रिपोर्टर मध्यप्रदेश
मध्यप्रदेश पुलिस एवं उच्च शिक्षा विभाग/स्कूल शिक्षा विभाग के समन्वय तथा UNFPA के तकनीकी सहयोग से संचालित “सृजन संवाद योजना” के अंतर्गत आज दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को पीएमसीओई जेएच शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बैतूल में “जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद” कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपुसे, महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे, डीएसपी श्री कैलाश बारिया, प्रशिक्षक डॉ. शंकर सातनकर, प्रो. गोलू परते, उपनिरीक्षक श्रीमती रश्मि ठाकुर एवं उपनिरीक्षक श्री नवीन सोनकर की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन रहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आपराधिक न्याय व्यवस्था एवं समावेशी समाज, महिला एवं बाल संरक्षण, अधिकारों एवं कानून की बुनियादी जानकारी, साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल जागरूकता, सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति तथा हिंसा निवारण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्रदान की गई।
साथ ही, फर्स्ट रिस्पॉन्डर के रूप में पुलिस की भूमिका, आपदा प्रबंधन, मानसिक स्वास्थ्य, आत्महत्या रोकथाम एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में युवाओं की भूमिका पर भी चर्चा की गई। विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने, डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध परिस्थिति की जानकारी संबंधित एजेंसी को देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा उन्हें सुरक्षित, संवेदनशील एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन का संदेश:
युवा समाज के भविष्य और सकारात्मक बदलाव के प्रमुख वाहक हैं। कानून, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल संरक्षण तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक युवा ही सुरक्षित एवं सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। बैतूल पुलिस युवाओं को जागरूक करने एवं समाज में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
बैतूल पुलिस
