*बिहार मोतीहारी से अमरजीत सिंह*
नगर निगम के नगर आयुक्त और महापौर ने किया नले और सड़क का निरीक्षण
नगर निगम मोतिहारी क्षेत्र अंतर्गत मठिया जीरात में निर्माणाधीन मुख्य सड़क एवं नाला निर्माण कार्य का निरीक्षण माननीय महापौर श्रीमती प्रीति कुमारी, नगर आयुक्त श्री आशीष कुमार एवं निगम पार्षद प्रतिनिधि श्री अजय सिंह द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभाग के कनीय अभियंता एवं अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
निरीक्षण के क्रम में सड़क के उच्चीकरण को लेकर सड़क का लेवल निर्धारित कराया गया। साथ ही, सड़क की ढलाई के दौरान निर्धारित ऊंचाई एवं लेवल को बनाए रखने के लिए संबंधित अभियंताओं एवं निर्माण कार्य में लगे कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा हो सके।
महापौर श्रीमती प्रीति कुमारी ने कहा कि क्षेत्र में जलजमाव एवं जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। सड़क एवं नाला निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद स्थानीय नागरिकों को जलजमाव की समस्या से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
इस दौरान नव निर्मित बॉस्को मोटर रोड तथा बंधन मैरेज हॉल के बगल वाली गली में जल निकासी की समस्या का भी निरीक्षण किया गया। संबंधित पदाधिकारियों को समस्या के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया गया।
नगर निगम की ओर से प्रयास किया जा रहा है कि सड़क एवं नाला निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिले और जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके।
नगर निगम मोतिहारी का उद्देश्य शहर में बेहतर सड़क, सुचारु जल निकासी एवं नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
