दुद्धी (सोनभद्र)। नगर पंचायत दुद्धी के वार्ड नंबर 05 में आवागमन को सुगम बनाने के लिए मंगलवार को डिग्री कॉलेज रोड से नंदनवन होते हुए सब्जी मंडी तक सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने विधिवत पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया।
अध्यक्ष कमलेश मोहन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व से प्रेरणा लेते हुए नगर पंचायत दुद्धी को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रशासन निरंतर प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल सड़क बनाना नहीं है, बल्कि नगरवासियों को बेहतर आवागमन, सुगम सुविधाएं और विकास का मजबूत आधार देना है। जनता का विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है और जनसेवा ही हमारा मुख्य संकल्प है।
नए सड़क निर्माण से डिग्री कॉलेज, नंदनवन और सब्जी मंडी क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी राहत मिलने की उम्मीद है। इस मौके पर नामित सभासद सुमित सोनी,जुबेर आलम,धीरज जायसवाल, शाहिद खान सहित अन्य मौजूद रहे।
