जीरकपुर।
भबात रोड स्थित जरनैल एन्क्लेव फेस-1 में दिनदहाड़े बंद मकान को निशाना बनाकर चोरी करने के मामले में जीरकपुर पुलिस ने एक नाबालिग समेत दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए मुख्य आरोपी ने 15 वर्षीय नाबालिग का सहारा लिया। खुद घर के भीतर दाखिल होने के बजाय उसने नाबालिग को मकान में भेजकर कीमती सामान बाहर निकलवाया और फिर नकदी व अन्य सामान लेकर अपनी होंडा सिटी कार में फरार हो गया। चोर घर से नकदी, महंगे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और मंदिर में स्थापित भगवान की दो मूर्तियां भी ले गए।
जानकारी के अनुसार, वारदात के समय मकान पर ताला लगा हुआ था। परिवार जब वापस लौटा तो मुख्य दरवाजा खुला मिला और कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। अलमारियों और लॉकर की तलाशी ली गई थी। घर से कीमती सामान गायब मिलने पर पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत और जुटाए गए सुरागों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
ननिहाल गए थे परिजन, लौटे तो खुला मिला मुख्य दरवाजा
जरनैल एन्क्लेव फेस-1 के मकान नंबर 146 में रहने वाले 27 वर्षीय मयंक गोयल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक निजी संस्थान में नौकरी करते हैं। रविवार दोपहर वह परिवार के सदस्यों के साथ भबात स्थित अपने ननिहाल गए थे। घर पर ताला लगाकर गए मयंक जब शाम करीब 4:30 बजे वापस लौटे तो मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाकर देखा तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली हुई थीं। लॉकर को भी खंगाला गया था।
बैग में रखे 35 हजार रुपये भी ले गए चोर
घर की जांच करने पर पता चला कि कमरे में रखा एक पिट्ठू बैग गायब था। पीड़ित के मुताबिक, बैग में 35 हजार रुपये की नकदी रखी हुई थी। इसके अलावा चोर एक आईफोन-11, नीले रंग का सैमसंग स्मार्टफोन, लेनोवो कंपनी का लैपटॉप और एप्पल एयरपॉड्स भी ले गए। घर के मंदिर में स्थापित सुनहरे रंग की भगवान की दो मूर्तियां भी चोरी कर ली गईं।
नाबालिग को घर के अंदर भेजने का आरोप
पुलिस के अनुसार, मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी ने कथित तौर पर खुद को सीधे घर के भीतर दाखिल होने से बचाते हुए नाबालिग को चोरी के लिए इस्तेमाल किया। आरोप है कि नाबालिग से घर के अंदर सामान तलाश करवाकर कीमती वस्तुएं बाहर मंगवाई गईं। इसके बाद मुख्य आरोपी सामान समेटकर अपनी होंडा सिटी कार में फरार हो गया।
परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और स्थानीय स्तर पर मिले सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है।
Munish Gupta
State Crime Reporter
Punjab
