*बिहार मोतीहारी से अमरजीत सिंह*
एमसीई मोतिहारी में स्टार्टअप–बैंक कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित
मोतिहारी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (एमसीई) के ई-सेल की ओर से 29 अक्टूबर को उद्योग विभाग, बिहार सरकार की पहल स्टार्टअप बिहार के तहत स्टार्टअप–बैंक कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्टार्टअप उद्यमियों को बैंकों और वित्तीय संस्थानों से जोड़ना तथा उन्हें ऋण, वित्तीय सहायता और डिजिटल भुगतान सुविधाओं की जानकारी देना था।
कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) नवनीत कुमार मोतिहारी के अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री के.एन. सिंह, जिला उद्योग केंद्र, पूर्वी चंपारण के महाप्रबंधक श्री अंकित कुमार परियोजना प्रबंधक श्री राजन किशोर एवं श्री अशोक तथा उद्योग विस्तार पदाधिकारी श्री उमाशंकर कुमार एवं श्री रमेश कुमार सिंह उपस्थित रहे। ई-सेल के फैकल्टी इंचार्ज डॉ. रवि कुमार ने कार्यक्रम का समन्वय किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री अंकित कुमार ने स्टार्टअप बिहार के अंतर्गत उपलब्ध सरकारी सहायता, उद्यमियों के लिए विभिन्न योजनाओं तथा जिला उद्योग केंद्र की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को अपने नवाचारी विचारों को व्यवसाय के रूप में विकसित करने और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।
श्री के.एन. सिंह ने बैंकिंग व्यवस्था के माध्यम से स्टार्टअप को वित्तीय सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने ऋण के लिए आवश्यक दस्तावेज, पात्रता, बैंक योग्य परियोजना प्रस्ताव तैयार करने तथा ऋण आवेदन की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने उद्यमियों को उचित तैयारी के साथ बैंकों से संपर्क करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को क्रेडिट गारंटी स्कीम फॉर स्टार्टअप्स (CGSS) स्टार्टअप ऋण, कार्यशील पूंजी, डिजिटल भुगतान और वित्तीय समाधानों के बारे में जानकारी दी गई। बैंक एवं उद्योग विभाग के प्रतिनिधियों के साथ संवाद के माध्यम से स्टार्टअप उद्यमियों को अपनी वित्तीय आवश्यकताओं पर चर्चा करने का अवसर मिला।
प्राचार्य प्रो. (डॉ.) नवनीत कुमार ने युवाओं को नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। डॉ. रवि कुमार ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों और युवा उद्यमियों को अपने व्यावसायिक विचारों को साकार करने में मदद करते हैं तथा स्टार्टअप संस्थापकों और वित्तीय संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हैं।
रिपोर्ट; अमरजीत सिंह

