
पायल, 30 अक्टूबर (अमित बंसल): शिरोमणि अकाली दल बादल की ओर से विधानसभा हलका पायल में हलका इंचार्ज मनजीत सिंह मदनीपुर की अगुवाई में नए पार्टी कार्यालय की शुरुआत की गई। कार्यालय का उद्घाटन जिला प्रधान परमजीत सिंह ढिल्लों ने किया।
इस अवसर पर धार्मिक समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें श्री सुखमनी साहिब के पाठ के भोग डाले गए। रागी जत्थे द्वारा गुरबाणी का कीर्तन किया गया तथा पार्टी की चढ़दी कला और सर्वत्र के भले की अरदास की गई। इस दौरान गुरु महाराज का ओट-आसरा लिया गया।
समारोह में इंजीनियर जगदेव सिंह बोपाराय, गुरजीत सिंह पंधेरखेड़ी, जगदेव सिंह दबोरजी, मैडम नीतू सिंह, वरिष्ठ अकाली नेता, महिला विंग की नेता मैडम जसप्रीत कौर, करमजीत कौर, रूबल दोराहा, जत्थेदार मनजीत सिंह घुडाणी, विपन सेठी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और समूची लीडरशिप ने विशेष रूप से शिरकत की। इस मौके पर संगत के लिए चाय-पकौड़ों का लंगर भी लगाया गया।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए जिला प्रधान परमजीत सिंह ढिल्लों, हलका इंचार्ज मनजीत सिंह मदनीपुर और इंजीनियर जगदेव सिंह बोपाराय ने शिरोमणि अकाली दल की पिछली सरकार के दौरान करवाए गए विकास कार्यों और उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने मौजूदा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए सरकार के प्रति अपना रोष जाहिर किया। नेताओं ने कहा कि मौजूदा सरकार की गलत नीतियों के कारण लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अकाली नेताओं ने कहा कि नए कार्यालय के माध्यम से हलके के लोगों के साथ सीधा संपर्क स्थापित किया जाएगा और उनकी समस्याओं को पार्टी स्तर पर उठाकर समाधान करवाने के प्रयास किए जाएंगे।
