हरदोई। माध्यमिक शिक्षा परिषद की आगामी बोर्ड परीक्षा को लेकर हरदोई जिले में परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े होने लगे हैं। परीक्षा केंद्रों की प्रस्तावित सूची में शामिल 20 से अधिक विद्यालयों ने विभिन्न कारणों का हवाला देते हुए बोर्ड परीक्षा कराने में असमर्थता जताई है। किसी विद्यालय ने संसाधनों की कमी तो किसी ने सीमित धारण क्षमता को इसकी वजह बताया है।
इस बार माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में कुल 148 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इनमें 17 राजकीय, 51 सहायता प्राप्त (एडेड) और 80 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। पिछले वर्षों की तुलना में इस बार वित्तविहीन विद्यालयों की संख्या काफी अधिक रखी गई है।
परीक्षा केंद्रों की सूची जारी होने के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग ने विद्यालयों से सूची में मौजूद खामियों को लेकर प्रत्यावेदन मांगे थे। इसके तहत जिले के प्रधानाचार्यों की ओर से कुल 109 शिकायतें दर्ज कराई गईं। इनमें 20 से अधिक विद्यालयों ने परीक्षा कराने में असमर्थता जताई है।
विद्यालयों का कहना है कि उनके यहां परीक्षा संचालन के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं हैं। वहीं सात विद्यालयों ने निर्धारित धारण क्षमता से अधिक परीक्षार्थियों का आवंटन किए जाने की शिकायत की है। इन विद्यालयों ने विद्यार्थियों की संख्या कम करने का अनुरोध किया है।
इसके अलावा कई विद्यालयों ने विद्यार्थियों को आवंटित परीक्षा केंद्रों की दूरी अधिक होने पर भी आपत्ति दर्ज कराई है और केंद्रों में संशोधन की मांग की है। परीक्षा केंद्रों की सूची में ऐसे एडेड विद्यालय भी शामिल हैं, जिन्हें इस बार परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है।
नई सूची से हट सकते हैं कई विद्यालय
प्रत्यावेदनों के निस्तारण और जिला स्तरीय परीक्षा समिति की समीक्षा के बाद परीक्षा केंद्रों की सूची में बड़ा बदलाव होने की संभावना है। संसाधनों की कमी वाले राजकीय और वित्तविहीन विद्यालयों को सूची से बाहर किया जा सकता है। वहीं परीक्षा केंद्र बनने से वंचित विद्यालय भी केंद्र बनाए जाने की उम्मीद में विभागीय और प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं।
क्या बोले जिला विद्यालय निरीक्षक?
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरविंद कुमार पाठक ने बताया कि विद्यालयों की ओर से प्राप्त प्रत्यावेदनों का परीक्षण और निस्तारण जिला परीक्षा समिति करेगी। समिति के निर्देशानुसार ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Itn National News | शिवम शुक्ला
