अशोकनगर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को अशोकनगर में रन फॉर यूनिटी दौड़ का आयोजन किया गया। दौड़ की शुरुआत पटेल पार्क से हुई, जो रेलवे स्टेशन अशोकनगर तक आयोजित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक हरिबाबू राय, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव, पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी, कलेक्टर साकेत मालवीय, पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया।
रन फॉर यूनिटी में सभी ने की सहभागिता
आयोजन में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन के अधिकारियों-कर्मचारियों, खिलाड़ियों, कॉलेज एवं स्कूल के छात्र-छात्राओं तथा गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए दौड़ में हिस्सा लिया।
रेलवे स्टेशन पर दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ
कार्यक्रम के समापन पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। वहीं पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी ने उपस्थितजनों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई।
इस अवसर पर एसडीएम इसरार खान, पार्षद जयमंडल सिंह यादव, पार्षद महेंद्र भारद्वाज सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
