*बिहार मोतीहारी से अमरजीत सिंह*
पताही प्रखंड में भ्रष्टाचार का आरोप, पूर्व सरपंच राघवेंद्र शर्मा बोले- गरीबों को नहीं मिल रहा आवास, 28 को पकड़ीदयाल में होगा आंदोलन
मोतिहारी, जिहुली पंचायत के पूर्व सरपंच राघवेंद्र शर्मा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा है कि पताही प्रखंड में भयंकर भ्रष्टाचार व्याप्त है। न तो गरीबों को आवास योजना का लाभ मिल रहा है और न ही विकास देखा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बाइस माइल से जिहुली गांव में आने वाली सड़क बिल्कुल जर्जर हालत में है। आवागमन में भयंकर परेशानी हो रही है। बार-बार प्रशासन को कहा जा रहा है, वरीय अधिकारियों से भी आग्रह किया गया, लेकिन जनहित के इस काम की अनदेखी की जा रही है।
श्री शर्मा ने कहा कि नारायणपुर में वर्षों से सड़क पर नाला का पानी बह रहा है। पानी के कारण सड़क की स्थिति जर्जर हो चुकी है। स्कूल के विद्यार्थियों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। प्राचीन मंदिर में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानी हो रही है। बार-बार प्रशासन से आग्रह किया जा रहा है, लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा है।
उन्होंने कहा कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी 28 तारीख को पकड़ीदयाल में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
श्री शर्मा ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि जिहुली पंचायत के दर्जनों गरीब जो झोपड़ी में रह रहे हैं, उन्हें आवास योजना का लाभ नहीं मिल रहा है, जबकि संपन्न लोग एक नहीं, दो-दो नाम पर आवास का लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने इस मामले की भी उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में श्री शर्मा के अतिरिक्त जवाहर प्रसाद, राम स्वार्थ कुशवाहा, विश्वनाथ गिरी, सुमित कुमार, हरिशंकर सिंह सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।
रिपोर्ट;अमरजीत सिंह
