रिपोर्ट जरीना खातून ब्यूरो चीफ
बांदा उप्र ।
लड़की भगा कर ले जाने का आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया है और लापरवाही के मामले में भी कानूनी कार्रवाई शुरू की जा रही है।
बांदा जिले के बिसंडा थाने में नाबालिग लड़की को भगाने के आरोप में गिरफ्तार मलखान यादव 1 नवंबर की सुबह पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी सहित फरार हो गया। आरोपी के खिलाफ थाना बिसंडा में मुकदमा संख्या 172/26 दर्ज है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को थाने में निगरानी में रखा गया था और रविवार को न्यायालय में पेश किया जाना था।
हथकड़ी की रस्सी खोलकर थाने से निकला आरोपी पुलिस के मुताबिक, मलखान यादव देहात कोतवाली क्षेत्र के महोखर गांव का निवासी है। वह करीब एक माह पहले एक किशोरी को लेकर गांव से फरार हुआ था। पुलिस ने किशोरी और आरोपी को बरामद कर लिया था। किशोरी का चिकित्सकीय परीक्षण और बयान कराया जाना था, जबकि आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी थी। शनिवार की रात आरोपी को बिसंण्डा थाने में हथकड़ी लगाकर निगरानी में रखा गया था। इसी दौरान मौका पाकर वह हथकड़ी की रस्सी खोलकर फरार हो गया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को घटना की जानकारी होने पर अधिकारियों को सूचित किया गया।
फरार आरोपी की तलाश में जुटीं पुलिस टीमें
क्षेत्राधिकारी बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीमों को उसकी गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। सीओ बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। आरोपी की जल्द गिरफ्तारी कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी पर दर्ज है मुकदमा
मलखान यादव के विरुद्ध थाना बिसंडा में मुकदमा संख्या 172/26 दर्ज है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को नाबालिग लड़की को भगाने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। फरारी के बाद उसकी तलाश के लिए विभिन्न टीमों को सक्रिय किया गया है।
पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच
सीओ कृष्णकांत त्रिपाठी ने कहा कि आरोपी के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के मामले में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के विरुद्ध भी अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई जारी है।
