संवाददाता अजयकुमार शिवहर
पीएम एम सूर्य घर और मुफ्त सोलर योजना की दी गई जानकारी, 1906 घरों में लगाए गए सोलर सिस्टम
शिवहर। नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड का 14वां स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह का शुभारंभ अपर समाहर्ता मेधावी, उप विकास आयुक्त संजय कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुषिल कुमार, कार्यपालक अभियंता छविंद्र प्रसाद सिंह एवं सहायक अभियंता विवेक कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर जिले के सभी विद्युत अभियंता एवं अन्य कर्मी मौजूद रहे।
समारोह के दौरान जिले में बिजली आपूर्ति की स्थिति, विद्युत व्यवस्था में सुधार, उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने तथा सरकारी योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने निर्बाध बिजली आपूर्ति, जर्जर तारों एवं उपकरणों को बदलने तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर उपभोक्ताओं को सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी दी गई। बताया गया कि इस योजना के तहत घरेलू उपभोक्ता अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगवाकर सौर ऊर्जा से बिजली प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए पात्र लाभार्थियों को केंद्र सरकार की ओर से निर्धारित प्रावधानों के अनुसार सब्सिडी भी दी जाती है। योजना का उद्देश्य लोगों को सौर ऊर्जा के प्रति प्रोत्साहित करना और बिजली बिल का बोझ कम करना है।
वहीं, गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए संचालित मुफ्त सोलर सुविधा योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि इसके तहत अब तक 1,906 घरों में सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं। अधिकारियों ने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक परिवारों तक सौर ऊर्जा की सुविधा पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
समारोह में बिजली बचत, ऊर्जा संरक्षण और उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवा उपलब्ध कराने के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी बल दिया गया।
