मेरठ/शामली। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ में आयोजित कृषि मेले की पशु प्रदर्शनी में शामली के कान्हा डेयरी फार्म के पशु ‘पदम बुल’ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार दांत श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि से कान्हा डेयरी फार्म और शामली जिले का नाम रोशन हुआ है।
कान्हा डेयरी फार्म के संचालक कुशांक चौहान के नेतृत्व में पशुपालन के क्षेत्र में की जा रही मेहनत और बेहतर देखभाल का परिणाम पदम बुल की इस उपलब्धि के रूप में सामने आया है। प्रतियोगिता में अलग-अलग जिलों और राज्यों से पशुपालक अपने बेहतरीन पशुओं के साथ पहुंचे थे। प्रदर्शनी में पशुओं की नस्ल, शारीरिक बनावट, स्वास्थ्य और विशेषताओं को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, मेरठ में आयोजित इस पशु प्रदर्शनी में पशुपालक अपने पशुओं को प्रतियोगिता के लिए कई महीनों पहले से तैयार करते हैं। पशुओं की सेहत और शारीरिक क्षमता बनाए रखने के लिए उनके खानपान पर विशेष ध्यान दिया जाता है। कई पशुओं को चना, मक्का, ज्वार और अन्य पौष्टिक आहार के साथ बादाम-काजू भी खिलाए जाते हैं। उनकी नियमित देखभाल और मालिश भी की जाती है।
पशुपालन के क्षेत्र में इस तरह के आयोजन पशुपालकों को अपनी मेहनत, पशुओं की नस्ल और उनकी विशेषताओं को प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं। साथ ही दूसरे पशुपालकों को भी नई जानकारियां और बेहतर पशुपालन के तरीके सीखने का अवसर मिलता है।
कान्हा डेयरी फार्म के पदम बुल का चार दांत श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल करना शामली के पशुपालकों के लिए भी गौरव की बात है। इस उपलब्धि से क्षेत्र में पशुपालन के प्रति लोगों का उत्साह बढ़ने की उम्मीद है।
कुशांक चौहान, संचालक – कान्हा डेयरी फार्म
पदम बुल – प्रथम स्थान, चार दांत श्रेणी
रिपोर्ट: तल्हा मिर्ज़ा
जिला प्रभारी – ITN National News, शामली।
