लोकेशन सेवढ़ा मध्य प्रदेश संवाददाता मेघ राजपूत
सेवढ़ा, दतिया।
दिल्ली पुलिस द्वारा अधिवक्ताओं के प्रति कथित रूप से की गई अपमानजनक एवं अभद्र टिप्पणियों के विरोध में अधिवक्ता संघ सेवढ़ा ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष मुकेश सिंह यादव के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने अनुविभागीय अधिकारी सेवढ़ा के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर दिल्ली पुलिस के संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि दिल्ली पुलिस के कर्मचारियों द्वारा अधिवक्ताओं के प्रति की गई कथित अभद्र टिप्पणियां निंदनीय हैं। अधिवक्ता संघ ने इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अधिवक्ताओं के सम्मान और गरिमा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने से पहले अधिवक्ताओं ने किया पुतला दहन
विरोध प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए और उनका प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। इसके बाद सभी अधिवक्ता एकत्रित होकर अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां केंद्रीय गृह मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। अधिवक्ताओं ने मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग उठाई।*
