भीलवाड़ा।
दीपावली के त्योहारी बाजार में मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ ही खाद्य पदार्थों की शुद्धता को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। इसी बीच बुधवार तड़के भीलवाड़ा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बीकानेर से आ रही एक ट्रैवल्स बस से करीब 500 किलो मावा जब्त किया। सुबह के 4 बज रहे थे, बदाली खेड़ा चौराहे पर बस को रुकवाया गया और जब टीम ने जांच शुरू की तो बस में मावे की भारी खेप मिली। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इतनी बड़ी खेप का मालिकाना हक जताने कोई भी व्यक्ति सामने नहीं आया।
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे मिलावट विरोधी अभियान के तहत विभाग को अज्ञात सूत्रों से इस खेप की सूचना मिली थी। इसके बाद डॉ. दिलराज मीणा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बीकानेर से भीलवाड़ा आ रही ट्रैवल्स बस को बदाली खेड़ा चौराहे पर रुकवाया।
(राहुल शर्मा) की रिपोर्ट
