दीपावली पर बालोद के सदर बाजार में चारपहिया वाहनों की नो एंट्री, सुबह 10:30 से रात 8:30 बजे तक लागू रहेगी व्यवस्था

दीपावली पर बालोद के सदर बाजार में चारपहिया वाहनों की नो एंट्री, सुबह 10:30 से रात 8:30 बजे तक लागू रहेगी व्यवस्था
बालोद, 5 नवंबर 2026। दीपावली पर्व के मद्देनजर बालोद शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। शहर के व्यस्ततम सदर बाजार मार्ग में सुबह 10:30 बजे से रात 8:30 बजे तक चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घड़ी चौक से सदर बाजार, बुधवारी बाजार और मधु चौक जैसे व्यस्त मार्गों पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए चौक-चौराहों और प्रवेश मार्गों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। यातायात पुलिस और सिटी कोतवाली की टीम लगातार पेट्रोलिंग कर रही है।
इससे पहले 4 नवंबर को यातायात कार्यालय में व्यापारी संघ और दुकानदारों की बैठक लेकर यातायात व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय में मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। वहीं दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए सी-मार्ट, बाल मंदिर स्कूल, कन्या शाला स्कूल और पुरानी नगर पालिका परिसर को चिन्हित किया गया है।
घड़ी चौक, क्लाडियस क्लीनिक के पास, गणेश पाव भाजी दुकान के पास, बुधवारी बाजार, हलधर चौक, मधु चौक और जयस्तंभ चौक सहित प्रमुख स्थानों पर यातायात कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सदर बाजार में चारपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर ई-चालान की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। दुकानदारों से दुकानों के सामने अनधिकृत रूप से सामान नहीं फैलाने तथा पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह रखने को कहा गया है। साथ ही तेज गति और शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करने, नाबालिगों को वाहन नहीं देने तथा दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने की अपील की गई है।
यह व्यवस्था पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना, डीएसपी मुख्यालय श्रुति सिंह, एसडीओपी बालोद विनय कुमार और यातायात प्रभारी निरीक्षक नवीन बोरकर के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में की जा रही है।

