बालोद में जिला स्तरीय विज्ञान मेला आयोजित, चयनित विद्यार्थी 16 नवंबर को दुर्ग में दिखाएंगे प्रतिभा
बालोद, 4 नवंबर 2026। शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बालोद में जिला स्तरीय पश्चिम भारत विज्ञान मेला एवं बाल वैज्ञानिक प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के बालोद, डौंडी लोहारा, डौंडी और गुण्डरदेही विकासखंडों से चयनित छात्र-छात्राओं एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
विज्ञान के प्रति रुचि और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी, विज्ञान नाटिका, प्रश्नोत्तरी, विज्ञान प्रोजेक्ट और शिक्षक संगोष्ठी सहित विभिन्न गतिविधियों में अपनी प्रतिभा दिखाई। विद्यार्थियों के नवाचारपूर्ण मॉडल और वैज्ञानिक परियोजनाएं आकर्षण का केंद्र रहीं।
प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए बी.एन. योगी, रूपेश कश्यप और लोचन देशमुख ने निर्णायक की भूमिका निभाई। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती हेमलता गंगबेर ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के आयोजन में विद्यालय के समस्त स्टाफ का योगदान रहा। कार्यक्रम प्रभारी राजेंद्र कुमार वर्मा ने समन्वय किया, जबकि मंच संचालन मोहम्मद अशरफ तिगाला ने किया। समापन अवसर पर उत्कृष्ट एवं चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए गए।
जिला स्तर पर चयनित छात्र-छात्राएं आगामी 16 नवंबर 2026 को जेआरडी, दुर्ग में आयोजित जोन स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। अंत में एम.के. थावरे ने अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



