बालोद में 50 पौवा अवैध शराब के साथ आदतन आरोपी गिरफ्तार, बाइक सहित 19 हजार की संपत्ति जब्त
बालोद, 4 नवंबर 2026। बालोद पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के लिए परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 50 पौवा देशी प्लेन शराब और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही डिस्कवर मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जब्त शराब और बाइक की कुल कीमत 19 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी को 4 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 LY 9913 से अवैध शराब लेकर बालोद से तरौद की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने बालोद-लोहारा मार्ग पर रेलवे कॉलोनी जाने वाले मोड़ के पास घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा। तलाशी के दौरान सफेद प्लास्टिक बोरी से 180 एमएल के 50 पौवा यूनिक देशी प्लेन शराब, कुल 9 बल्क लीटर, कीमत 4 हजार रुपये बरामद हुई। शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की कीमत 15 हजार रुपये आंकी गई है।
आरोपी की पहचान त्रिलोक गौतम (59), पिता स्व. विदेशी राम गौतम, निवासी मालीघोरी (दुधली), थाना एवं जिला बालोद के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी थाना बालोद का सूचीबद्ध गुंडा-बदमाश है। उसके विरुद्ध आबकारी एक्ट और अन्य धाराओं के तहत पहले भी सात प्रकरण दर्ज हैं।
आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, प्रधान आरक्षक हरिशचंद्र सिन्हा, आरक्षक संजय सोनी, चुलेन्द्र कुर्रे, बनवाली साहू, नागेश साहू और जितेन्द्र सिन्हा का योगदान रहा। बालोद पुलिस ने अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

