मानव सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है। रक्तदान के माध्यम से किसी दूसरे व्यक्ति की जान बचाने से बड़ा पुण्य का कार्य और कुछ नहीं हो सकता। इसी महान विचारधारा को अपने जीवन का लक्ष्य बनाकर लंबे समय से निरंतर रक्तदान एवं प्लेटलेट्स दान करते आ रहे बारीपदा के समाजसेवी डॉ. निरोज कुमार पोथाल को भुवनेश्वर में सम्मानित किया गया।ओडिशा की अग्रणी सामाजिक संस्था ‘आम सेवा परिवार ट्रस्ट’ का द्वितीय वार्षिक समारोह एवं सम्मान समारोह भुवनेश्वर स्थित बुद्ध टेम्पल ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में ओडिशा के विभिन्न जिलों से पहुंचे अनेक नियमित रक्तदाताओं एवं समाजसेवियों को उनकी निःस्वार्थ सेवा और समाज के प्रति योगदान के लिए सम्मानित किया गया।इस अवसर पर डॉ. निरोज कुमार पोथाल को मंचासीन अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र, उत्तरीय, भगवान श्रीजगन्नाथ की तस्वीर एवं पुष्पगुच्छ प्रदान कर सम्मानित किया गया।संस्था के अध्यक्ष श्री सौरभ पटनायक की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में विशिष्ट समाजसेवी श्री अभिमन्यु दास, श्रीमती सभना महांति, श्री प्रवीण कुमार त्रिपाठी, डॉ. चंद्रिका दास, डॉ. (मेजर) मुकुंद चंद्र साहू एवं डॉ. रति रंजन सेठी प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अंत में संस्था के सचिव श्री प्रभात कुमार साहू ने धन्यवाद ज्ञापन किया।उल्लेखनीय है कि डॉ. निरोज कुमार पोथाल अब तक कुल 141 बार रक्तदान एवं प्लेटलेट्स दान कर चुके हैं। उनके इस योगदान से अनेक असहाय एवं गंभीर रूप से बीमार मरीजों को जीवनदान मिला है। उनकी अतुलनीय सेवाभावना और मानवता के प्रति समर्पण के लिए देश के विभिन्न राज्यों में भी उन्हें कई बार सम्मानित किया जा चुका है।रक्त का कोई विकल्प नहीं है। एक रक्तदाता का छोटा-सा प्रयास किसी दूसरे व्यक्ति के लिए नए जीवन की उम्मीद बन सकता है। डॉ. निरोज का यह निरंतर सेवाभाव निश्चित रूप से युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा और एक मिसाल बना रहेगा।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज, स्टेट हेड।
