संवाददाता अजय कुमार शिवहर
डीएम के निर्देश पर अधिकारियों ने किया निरीक्षण, फिलहाल नाली काटकर निकाला गया पानी; RWD से समाधान की बात
शिवहर। पुरनहिया प्रखंड के दोस्तिया गांव में विद्यालय के समीप सड़क पर जलजमाव की समस्या को लेकर जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी के निर्देश पर अधिकारियों की टीम ने जांच की। जांच के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी जितेन्द्र कुमार , प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी रोमन कुमार, अंचलाधिकारी रोहित कुमार एवं पुरनहिया थाना पुलिस बल एवं अन्य कर्मी मौजूद रहे।
जांच के दौरान सड़क पर जमा पानी को फिलहाल बगल की गली में नाली काटकर निकाला गया। हालांकि, जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में संबंधित कार्य एजेंसी ग्रामीण कार्य विभाग (RWD) से बातचीत कर समाधान निकाला जाएगा।
उल्लेखनीय है कि उक्त सड़क का निर्माण ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन कार्यक्रम के तहत वर्ष 2025-2026 में शुरू किया गया था। सड़क की प्राक्कलित राशि करीब 52 लाख रुपये बताई गई है। इसके बावजूद विद्यालय के समीप जलजमाव की समस्या से ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इससे पहले 3/11/2026 ग्रामीण कार्य विभाग के सहायक अभियंता (AE), कनीय अभियंता (JE) एवं प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी अनिल कुमार ने संयुक्त रूप से सड़क का निरीक्षण किया था। वहीं, जांच टीम ने ग्रामीणों को सड़क पर पानी जमा नहीं होने देने की हिदायत देते हुए ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
इधर, ग्रामीणों का कहना है कि जलजमाव के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत के लिए उचित व्यवस्था करने की मांग की है।
अब देखना होगा कि जांच प्रतिवेदन के बाद ग्रामीण कार्य विभाग कब तक सड़क की आवश्यक मरम्मत कराकर जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान करता है और ग्रामीणों व स्कूली बच्चों को इस परेशानी से राहत मिलती है।
