सोनभद्र ।सोनभद्र में गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से करीब 60 किलोग्राम 500 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन शुद्धि’ के तहत एसओजी और रॉबर्ट्सगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दी। रॉबर्ट्सगंज के लोढ़ी इलाके में घेराबंदी कर पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ा है ।
आरोपियों ने गांजे की तस्करी के लिए सुजुकी सियाज कार का इस्तेमाल किया था। कार के अंदर विशेष केबिन बनाकर गांजे के 43 पैकेट छिपाए गए थे, ताकि पुलिस की जांच से बचा जा सके।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहजहांपुर निवासी सत्यम यादव और सीबू अली के रूप में हुई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों और गांजे की आपूर्ति श्रृंखला की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस बड़ी खेप के स्रोत और गंतव्य का पता लगाने के लिए आगे और कार्रवाई की जा सकती है।

