सहारनपुर
सहारनपुर। खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार शाम दो स्थानों पर छापेमारी की। टीम ने गलीरा रोड स्थित रावत स्वीट्स एंड कन्फेक्शनरी से बर्फी और रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव नन्हेड़ा खुर्द स्थित पेठा फैक्ट्री से पेठे का नमूना लिया। दोनों नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।टीम ने शाम करीब पांच बजे सर्किट हाउस के पास स्थित रावत स्वीट्स पर निरीक्षण कर शिकायत के आधार पर बर्फी का नमूना लिया। इसके बाद टीम नन्हेड़ा खुर्द स्थित पेठा फैक्ट्री पहुंची, जहां शुभम पुत्र लसावर से पेठे का नमूना संग्रहित किया गया। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की आयुक्त के आदेश पर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। नमूने मानकों के विपरीत पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।
रमेश सैनी सहारनपुर
