इंडियन टीवी न्यूज नेशनल छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
जगदलपुर।
दीपावली की खरीदारी के बीच जगदलपुर के सराफा बाजार में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। संजय मार्केट के पास स्थित मोती ज्वेलर्स से एक महिला करीब 1200 ग्राम सोने के झुमकों से भरा डिब्बा लेकर फरार हो गई। चोरी हुए सोने की कीमत करीब 80 से 90 लाख रुपये बताई जा रही है। वारदात में महिला ने अपने साथ आई एक बच्ची की मदद ली। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 4:30 बजे की है। उस समय दुकान में दीपावली की खरीदारी के चलते ग्राहकों की आवाजाही लगी हुई थी। इसी दौरान दुकान में मौजूद महिला ने मौका देखकर सोने के झुमकों से भरा डिब्बा उठा लिया और अपने साथ आई बच्ची को थमा दिया। बच्ची ने डिब्बे को अपने झोले में रख लिया। इसके बाद दोनों दुकान से बाहर निकल गईं।
CCTV फुटेज में कैद हुई पूरी वारदात
कुछ समय बाद जब दुकान संचालकों को सोने का डिब्बा गायब मिला तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। डिब्बा नहीं मिलने पर दुकान में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली गई। फुटेज में महिला की संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं। वह पहले आसपास नजर दौड़ाती है और फिर डिब्बा उठाकर बच्ची को देती दिखाई दे रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच, शहर के कैमरों की भी ली जा रही मदद
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर महिला और बच्ची की पहचान करने में जुटी है। साथ ही शहर के अन्य स्थानों पर लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, ताकि वारदात के बाद उनके जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
सराफा कारोबारियों में बढ़ी चिंता
दीपावली के त्योहार के चलते जगदलपुर के बाजारों में इन दिनों भारी भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में ज्वेलरी दुकान से लाखों रुपये के सोने की उठाईगिरी ने सराफा कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और संदिग्ध महिला की तलाश जारी है।
