मुरादाबाद:
मुरादाबाद से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। थाना कटघर पुलिस ने नशीली औषधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिंद्रा XUV 3XO से 2000 शीशी प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 7 नवंबर 2026 को कटघर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कल्याणपुर की तरफ से एक गाड़ी में भारी मात्रा में कोडीन कफ सिरप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कल्याणपुर अंडरपास के पास चेकिंग की।
चेकिंग के दौरान बिना नंबर की महिंद्रा XUV 3XO को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस के अनुसार, गाड़ी से 20 पेटियों में कुल 2000 शीशी CODECTUS TR कोडीन कफ सिरप बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान औषधि निरीक्षक को भी मौके पर बुलाया गया था।
पुलिस ने गाड़ी चालक फईम पुत्र फुरकान, निवासी करूला, थाना कटघर, मुरादाबाद, उम्र करीब 26 वर्ष को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आए अहम दावे
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपने दो साथियों आसिफ और नवाज के साथ मिलकर कोडीन कफ सिरप को कथित तौर पर नशा करने वाले लोगों को महंगे दामों पर बेचने की बात बताई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने यह भी बताया कि बरामद सिरप उसके साथियों के कहने पर एक ट्रांसपोर्ट से प्राप्त की गई थी और इसे सिरसवां दोराहे के पास पहुंचाया जाना था।
पुलिस का दावा है कि मामले में सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
मुकदमा दर्ज
पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर मु0अ0सं0 649/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट, थाना कटघर में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट से संबंधित एक मुकदमा दर्ज है।
कटघर पुलिस की इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार, औषधि निरीक्षक उमेश कुमार भारती समेत पुलिस टीम के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
नोट: यह खबर पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई जानकारी पर आधारित है। आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया में होगी।
रिपोर्टें शाने आलम
