♻️ कलेक्टर ने शहडोल जिले के दूरस्थ क्षेत्रों का किया भ्रमण
♻️ ग्राम तुर्रा दलाम, लखवारिया सहित अन्य ग्रामों के मेडिकल कैंप का किया निरीक्षण
♻️ कलेक्टर ने ग्राम तुर्रा दलाम एवं लखवारिया के बैगा परिवारों की सुनी समस्याएं
➡️ कलेक्टर श्रीमती वंदना वैद्य ने आज जनपद पंचायत सोहागपुर के दूरस्थ एवं पहाड़ी ग्राम तुर्रा दलाम, लखबरिया, धन्नौरी एवं तुर्री का भ्रमण कर लगाए गए मेडिकल कैंप का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने मेडिकल कैंप में वायरल फीवर, सीजनल बीमारी, सर्दी, खासी, जुकाम, उल्टी दस्त, पेट दर्द इत्यादि के मरीजों की निःशुल्क जांच कराकर उनका उपचार कराया तथा उन्हें दवा का वितरण किया गया। इस दौरान कलेक्टर ने गांव के ग्रामीणों से बीमारी के संबंध में चर्चा की तथा उन्हें मच्छरदानी का उपयोग, उबालकर पानी पीने, ओआरएस घोल, वायरल फीवर सीजनल बीमारियों के संबंध में जानकारी प्रदान की।
भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने तुर्रा दलाम एवं लखबरिया के बैगा परिवार के घर पहुंची तथा बैगा परिवार के लोगों की समस्याओं को सुना। इस दौरान हिरैनी बैगा ने कलेक्टर को बताया कि हमारे गांव में सड़क, बिजली की बहुत ज्यादा समस्या है तथा हम गरीबी रेखा के नीचे अपना जीवन यापन करते हैं, हमें राशन कार्ड एवं वृद्धा पेंशन योजना की सुविधाएं नहीं मिल रही है। इस दौरान उन्होंने बताया कि हम बैगा महिलाओं को पोषण हेतु शासन द्वारा 1000 रुपए दिया जाता है, वह भी सुविधाओं से हम वंचित हैं। जिस पर कलेक्टर ने बैगा परिवार के सदस्यों को आश्वस्त किया कि उन्हें सभी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा तथा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सोहागपुर एवं तहसीलदार को मौके पर ही राशन कार्ड में नाम, पेंशन योजना का लाभ तथा 1000 रुपए बैगा महिलाओं को पोषण हेतु नाम जोड़ने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बैगा परिवार के महिलाओं को सड़क एवं बिजली की सुविधाओं को जल्द से जल्द ठीक करवाने की बात कही।
इस दौरान कलेक्टर ने बैगा परिवारों से कोविड़ वैक्सीनेशन का बूस्टर डोज लगवाने हेतु कही। जिस पर उन्होंने कहा कि हमारे परिवार के कुछ सदस्यों द्वारा वैक्सीनेशन का बूस्टर डोज लगवा लिया गया है तथा अन्य परिवार के सदस्यों द्वारा जल्दी ही बूस्टर डोज लगवा लिया जाएगा जिस पर कलेक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा उन्हें वैक्सीनेशन का बूस्टर डोज लगाने हेतु सलाह दी। इस दौरान कलेक्टर ने उन्हें मेडिकल कैंप के बारे में जानकारी दी तथा उन्हें बताया कि उनके गांव में स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क उपचार शिविर लगाया गया है। जिसमें जांच एवं दवाइयां वितरित की जा रही है, आप लोग भी इस सुविधा का लाभ लें तथा अपनी स्वास्थ्य का जांच कराएं।
इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सोहागपुर श्रीमती प्रगति वर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ० आर.एस. पांडेय, बीएमओ डॉ० राजेश मिश्रा, तहसीलदार बुढार श्री दीपक पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।