संवाददाता अंकित दुबे
गाजीपुर रायफल क्लब सभागार में मंगलवार को हुई जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में कई योजनाओं की प्रगति में कमी मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होेंने पात्र परिवारों को हर हाल में आयुष्मान कार्ड मुहैया कराने पर जोर दिया। कहा कि कोई परिवार इससे वंचित न रहने पाए। बैठक में जिलाधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना, जेएसवाई के भुगतान, मातृत्व मृत्यु दर की समीक्षा, परिवार कल्याण कार्यक्रम, टीकाकरण, 108/102 एंबुलेंस की उपलब्धता, आशा और जेएसवाई भुगतान, क्षय रोग नियंत्रण, कुष्ठ उन्मूलन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आयुष्मान कार्ड, जन्म-मृत्यु पंजीयन सहित अन्य बिन्दुओं पर समीक्षा की। उन्होंने प्रसव उपरान्त लाभार्थियों/आशाओं को दिए जाने वाले जेएसवाई के भुगतान के संबंध में शत-प्रतिशत भुगतान का निर्देश दिया। कहा कि जिन-जिन स्वास्थ्य केंद्रों पर भुगतान नहीं किया गया है वहां भुगतान कराया जाए।जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आरोग्य योजना के तहत जनपद में बनाए गए गोल्डेन कार्ड की जानकारी ली और प्रत्येक पात्र लाभार्थी परिवार का शत-प्रतिशत गोल्डेन कार्ड जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंनेे कहा कि कोई भी पात्र परिवार आयुष्मान कार्ड से वंचित न रहे। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा कोविड-19 के दृष्टिगत चिकित्सालयों में कोविड वार्ड, एचडीयूवार्ड, आईसीयूवार्ड, आईसोलेशन वार्ड तथा आक्सीजन संचालन के लिए पाइपलाइन व्यवस्था की जानकारी ली और जहां-जहां ऑक्सीनज पाइप लाइन की समस्या है। वहा टेंडर कर कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कोविड टेस्टिंग पर जोर देते हुए जनपद में अधिक से अधिक कोविड जांच कराने के साथ रेलवे स्टेशन, बस स्टेशनों पर एक टीम के माध्यम से दूसरे राज्यों से आने वाले यात्रियों का कोविड जांच का निर्देश दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रकाश गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. हरगोविंद सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. उमेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. राजेश सिंह समस्त एमओवाईसी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।