बैतूल। जिला ब्यूरो चीफ नईम मामू अनिश्चितकालीन हड़ताल के 8वें दिन शुक्रवार को लैब टेक्नीशियनों ने धरना स्थल पर अपने रक्त से मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर प्रदर्शन किया है। इन पोस्टल कार्ड को स्पीड पोस्ट के माध्यम से मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और विश्वास सारंग को प्रेषित कर न्यायोचित मांगों को अति शीघ्र पूर्ण किए जाने की मांग की गई। उल्लेखनीय है कि समस्त लैब टेक्नीशियन एसोसिएशन हेल्थ सर्विसेज मप्र के बैनर तले जिले के समस्त लैब टेक्नीशियन, असिस्टेंट, लैब अटेंडेंट 13 जनवरी से जिला उद्योग कार्यालय के सामने 13 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राधा गोविंद शुक्ला ने बताया धरना स्थल पर कर्मचारियों ने अपने हाथों से सीरीज के जरिए खून निकाला और इस खून से पोस्टल कार्ड पर अपनी मांगों का मजमून लिखा। इस दौरान लैब कर्मियों ने कहा यदि अब भी मांगों को सरकार द्वारा पूर्ण नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। एसोसिएशन के सचिव युवराज सोनकपुरिया ने बताया लैब टेक्नीशियनों के हड़ताल पर जाने से सीएचसी और पीएचसी पर स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित हो रही है। मरीजों को अपनी जांच और रिपोर्ट प्राप्त करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया लैब टेक्नीशियन के पद का नाम मेडिकल लैब ऑफिसर, मेडिकल लैब टेक्निकल ऑफिसर किया जाए, वेतनमान का पुनःनिर्धारण ग्रेड -पे 2800 से 4200 रुपए किए जाने सहित अन्य मांगों को जब तक पूरा नहीं किया जाएगा यह अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।
बैतूल जिला ब्यूरो चीफ नईम मामू की रिपोर्ट