गंदगी करने वाले दुकानदारों पर किया 8000 रुपए का जुर्माना
ग्वालियर दिनांक 14 दिसम्बर 2024 – स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के तहत शहर में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही गंदगी करने वाले, अमानक पॉलीथिन का उपयोग करने वालों एवं पान गुटके की पीक को थूक कर सड़क पर रेड स्पॉट बनाने वाले लोगों पर भी जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है।
मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ वैभव श्रीवास्तव एवं डॉ. अनुज शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम आयुक्त श्री अमन वैष्णव के निर्देशानुसार उपायुक्त श्री अमर सत्य गुप्ता के निर्देशन में नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्वालियर में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है । इसके चलते आमजनों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है । वहीं दूसरी ओर गंदगी करने वाले दुकानदारों एवं आमजनों पर नगर निगम द्वारा जुर्माना लगाया जा रहा है । इसी के चलते दक्षिण विधानसभा में नगर निगम के द्वारा अमानक प्लास्टिक एवं पॉलीथिन का उपयोग करने वाले दुकानदारों एवं गंदगी करने वाले लोगों से 8000 रुपए का जुर्माना वसूल किया गया। इस कार्रवाई फ्लाइंग स्क्वाड नोडल अधिकारी श्री अशोक खरे , स्वास्थ्य अधिकारी श्री भीष्म कुमार पमनानी उपस्थित रहे।
इसके साथ ही एयरफोर्स स्टेशन से एयरपोर्ट चौराहा तक रोड किनारे प्लास्टिक पॉलीथिन को केरी बैग में रखकर सफाई कार्य कराया गया। इस अवसर पर मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ वैभव श्रीवास्तव, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी श्री गौरव सेन उपस्थित रहे।